
दैनिक राजस्थान समाचार तरण दीप सिंह। ब्यावर,मे 14 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत स्थानीय परिसर में दो दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके पश्चात् उन्होंने जनजाति स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।जिला कलेक्टर मीना ने प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन करते हुए बताया कि यह प्रदर्शनी जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि—
प्रधानमंत्री जन मन योजना
वन धन विकास केंद्र
जनजाति वर्ग के शैक्षणिक विकास
छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाएँ विभाग द्वारा संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं एवं गतिविधियों को प्रदर्शनी में विस्तार से दर्शाया गया है।प्रदर्शनी में विशेष आकर्षण के रूप में आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक भी प्रस्तुत की गई है, जिसमें सुंदर फोटो फ्रेम्स, परंपरागत जीवनशैली, ऐतिहासिक गौरव और जनजातीय विरासत को रोचक एवं कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया है।
*लघु फिल्म प्रदर्शन और विद्यार्थियों से संवाद*
प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। जिला प्रशासन के अधिकारी एवं विद्यालयों के विद्यार्थी सामूहिक रूप से बैठकर इस प्रेरणादायक लघु फिल्म को देखते रहे। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बिरसा मुंडा के जीवन-संघर्ष, उनके योगदान और जनजातीय जागरण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।जिला कलेक्टर ने बताया कि 15 नवंबर, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस और 1 से 15 नवंबर तक विशेष पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएँ एवं गतिविधियाँ संपन्न हुईं। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कल आयोजित होने वाले समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।दो दिवसीय यह प्रदर्शनी आज से प्रारंभ होकर कल तक आमजन के लिए खुली रहेगी। जनजातीय गौरव, संस्कृति, इतिहास और सरकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर समझने का यह उत्कृष्ट अवसर है।उद्घाटन के अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह, एसीईओ गोपाल लाल, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सतीश सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




