
दैनिक खबर शेखावाटी न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। अजीतगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सांवलपुरा तंवरान में सफाई व्यवस्था चौपट है। जगह-जगह गंदगी के ढ़ेर, नालियों में कचरा, सड़कों पर फैला गंदा बदबूदार पानी सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है।गांव के कृष्ण शर्मा,राजेश खटाणा,अर्जुन दास स्वामी, ओमप्रकाश कुमावत, रामावतार गुर्जर,सुरेश कुमार सैन सहित अनेकानेक ग्रामवासियों ने बताया कि सफाई के नाम पर प्रतिमाह 25हजार रुपये खर्च के बावजूद गंदगी का यह आलम है तो फिर भगवान ही मालिक है पब्लिक का तो। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं हो रही है । कई-कई दिनों तक तो सफाईकर्मी गांव में दिखाई ही नहीं देते हैं । नालियां जाम पड़ी हैं, मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थिति के लिए ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रशासक सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं क्योंकि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद भी वो कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई के नाम पर खर्च होने वाले पैसों की जांच करवाई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित और पारदर्शी सफाई व्यवस्था लागू की जाए।अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत और आंदोलन की चेतावनी भी दी है। यहां तक कि गांव के लोग स्वयं रोज साफ-सफाई करते हैं। रामावतार गुर्जर ने बताया कि उसने स्वयं ने महीने दो महीने पहले पंचायत में गांव वालों के कहने पर लिखित शिकायत रुपी एप्लीकेशन दी थी लेकिन इसके बाद भी सफाई के हालात ठीक नहीं हैं।



