E-Paperटॉप न्यूज़देशधर्मराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

सीकर जिला प्रशासन की बेहतरीन व्यवस्थाओं से परवान पर खाटूश्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेला–2026

राजस्थान पब्लिक संवाद संवाददाता: प्रदीप कुमार शर्मा, गढ़टकनेत–अजीतगढ़
खाटूश्यामजी (सीकर)। कलियुग के आराध्य देव खाटूश्याम जी के फाल्गुनी लक्खी मेला–2026 ने भव्यता और आस्था के नए आयाम स्थापित कर दिए हैं। देशभर से लाखों श्याम भक्त बाबा के दर्शन हेतु खाटू नगरी पहुंच रहे हैं। गुरुवार तक लगभग 8 से 10 लाख श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।
जिला कलेक्टर डॉ. मुकुल शर्मा के निर्देशन में प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं, जिससे भक्तों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन हो रहे हैं। शुक्रवार, 27 फरवरी एकादशी को मुख्य मेला भरेगा, जिसमें बाबा श्याम रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखी जा रही है।
स्वच्छता और तकनीकी मॉनिटरिंग की सुदृढ़ व्यवस्था
नगरपालिका द्वारा मेला परिसर में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है। पर्याप्त कचरा-पात्र लगाए गए हैं तथा होटल-ढाबों के कचरे के निस्तारण के लिए टेंडर आधारित व्यवस्था लागू की गई है। प्रतिदिन नियमित सफाई और कचरा संग्रहण किया जा रहा है।
मेले की समग्र मॉनिटरिंग 44 डिजिटल स्क्रीनों तथा ‘श्याम-सारथी’ ऐप और पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। पोर्टल पर पार्किंग, मेडिकल कैंप, ऑनलाइन दर्शन, भंडारा एवं विभिन्न पासों की अनुमति एक ही स्थान पर उपलब्ध है। मुख्य सड़कों पर लगाए गए क्यूआर कोड स्कैनर से श्रद्धालु पार्किंग की सटीक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
चिकित्सा एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मेले में 14 मेडिकल बूथ स्थापित किए गए हैं। कुल 31 एम्बुलेंस, जिनमें 8 बाइक एम्बुलेंस शामिल हैं, तैनात की गई हैं। प्रमुख पार्किंग स्थलों पर एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रसद एवं चिकित्सा विभाग द्वारा मिलावटी एवं एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की निरंतर जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। भंडारा संचालकों को केवल स्टील या बायोडिग्रेडेबल बर्तनों के उपयोग के निर्देश दिए गए हैं।
रींगस से खाटू तक पैदल मार्ग पर कार्पेट बिछाया गया है। मेला क्षेत्र में एलईडी व हाई मास्क लाइट्स से प्रकाश व्यवस्था, 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ई-रिक्शा हेतु अलग जोन व रूट चार्ट, सीसीटीवी कैमरे एवं चार नियंत्रण कक्षों से सतत निगरानी की जा रही है।
स्काउट-गाइड की अनुकरणीय सेवा
भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स, जिला मुख्यालय सीकर के तत्वावधान में राज्य स्तरीय सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है। सीओ स्काउट बसंत कुमार लाटा के नेतृत्व में 700 रोवर-रेंजर 12-12 घंटे की सेवाएं दे रहे हैं। 21 से 28 फरवरी तक चल रहे इस शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
स्वयंसेवक खोया-पाया केंद्र संचालन, पूछताछ, प्राथमिक उपचार, वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर से दर्शन, कतार प्रबंधन सहित अनेक सेवाएं समर्पित भाव से दे रहे हैं।
जनसंपर्क विभाग द्वारा योजनाओं का प्रचार
राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा “बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” बुकलेट एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं।
रेडक्रॉस एवं जीव सेवा समिति की सेवा
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जीव सेवा समिति अजीतगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में अजीतगढ़ से जालपाली मोड़ श्रीमाधोपुर तक मोबाइल एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। तहसील प्रभारी कपिल मीणा, ब्लॉक संयोजक शंकरलाल शर्मा, अध्यक्ष महेश दीवान सहित टीम के सदस्य पदयात्रियों के खान-पान, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!