
राकेश तंवर बयाना। बयाना उपखंड क्षेत्र के थाना डांग गांव में नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित कचरा डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रस्ताव को तत्काल रद्द करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि प्रस्तावित डंपिंग यार्ड का स्थल चामुंडा माता मंदिर के समीप स्थित है, जो क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं तथा विशेष अवसरों पर हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डंपिंग यार्ड बनने से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैलेगी, जिससे आमजन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि कचरे से निकलने वाली बदबू और प्रदूषण के कारण बीमारियां फैल सकती हैं, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव को शीघ्र रद्द नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने “डंपिंग यार्ड का प्रस्ताव वापस लो” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया।
प्रदर्शन में भगवान दास कांवर, धूप सिंह, रामस्वरूप, भूरा, लोकेंद्र, पुष्पेंद्र, जगदीश, सतवीर, माधव, सुरजीत, कल्ला, गंभीर सिंह, गोपीराम, भाग सिंह, रणवीर, रंजीत, रवि, जितेंद्र, जगराम, लवकुश, रामअवतार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




