
नागपाल शर्मा (माचाड़ीअलवर):-रैणी- रेल मंत्रालय द्वारा 54356/54355 बरेली–बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन के संचालन को स्वीकृति मिलना यात्रियों के लिए निस्संदेह एक सराहनीय और राहत भरा निर्णय है। इस सेवा के पुनः शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लेकिन इसी खुशी के बीच यह तथ्य बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक है कि रेलवे विभाग द्वारा भूडा रेलवे स्टेशन को इस ट्रेन के ठहराव से वंचित रखा गया है। जबकि कोरोना काल से पहले यही ट्रेन भूडा स्टेशन पर नियमित रूप से रुकती थी।
भूडा रेलवे स्टेशन आसपास के अनेक गांवों और कस्बों की जीवनरेखा माना जाता है। यहां से प्रतिदिन छात्र शिक्षा के लिए, किसान अपने कार्यों के लिए, श्रमिक रोज़गार हेतु और बुज़ुर्ग इलाज के लिए रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में इस स्टेशन को ठहराव सूची से बाहर रखना आम जनता की जरूरतों की खुली अनदेखी जैसा प्रतीत होता है।यहाँ से रैणी, माचाड़ी,परबैणी,बहादुरपुर, कोडिया,थुमडा़ पंचायत,उकेरी पंचायत,भूडा पंचायत,डेरा पंचायत,आकोदा मीना,आकोदा सिक्का पंचायत,बावड़ी खेड़ा पंचायत,हिगोंटा पंचायत, अलीपुर आदि आसपास के गाँवों के लोग यहाँ से रोजाना हजारों की संख्या में यात्री सवार होकर जाते है।



