
दैनिक राजस्थान समाचार संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा | गढ़टकनेत–अजीतगढ़। गढ़टकनेत कस्बे के सुरानी सड़क मार्ग स्थित नव संधारित एवं नवसृजित श्री भौमिया जी महाराज स्टेडियम में 22 दिसंबर से 27 दिसंबर तक श्री भौमिया जी महाराज प्रथम ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन और रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
श्री भौमिया जी महाराज खेल आयोजन समिति के संरक्षक मुरारी लाल मीणा ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों एवं खेल समिति के संयुक्त प्रयासों से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्राम के बच्चों, युवाओं तथा बुजुर्गों का भरपूर सहयोग रहेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बाहरी टीमों के खिलाड़ियों के ठहरने, आराम, भोजन, चिकित्सा एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं दर्शकों के लिए बैठने, छाया, पेयजल तथा यातायात की सुव्यवस्थित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में अधिकतम 32 टीमें ही भाग ले सकेंगी। टीमों के लिए प्रवेश शुल्क 1100 रुपये रखा गया है। सभी टीमों को अपना खेल किट स्वयं लाना होगा। प्रतियोगिता के विजेता को 31 हजार रुपये नकद एवं चमचमाती ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 15 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच को ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं मैन ऑफ द टूर्नामेंट को 2100 रुपये नकद एवं 5 ग्राम वजनी चांदी का सिक्का प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को भी आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
सभी मैच 10-10 ओवर के खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 12-12 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता सीमेंटेड पिच पर टेनिस बॉल से खेली जाएगी। किसी भी प्रकार के विवाद का निपटारा आयोजन समिति द्वारा किया जाएगा तथा अंपायर का निर्णय अंतिम व सर्वमान होगा।




