
दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। गढ़टकनेत -सुरानी सड़क -मार्ग पर नव संधारित एवं नवसृजित श्री भौमिया जी महाराज स्टेडियम, गढ़टकनेत में 22दिसम्बर से 27दिसम्बर तक युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिलेगा।श्री भौमिया जी महाराज खेल आयोजन समिति के संरक्षक मुरारी लाल मीणा के अनुसार 22दिसम्बर से 27दिसम्बर तक इस खेल मैदान पर समस्त ग्राम जनता एवं श्री भौमिया जी महाराज खेल समिति के सद् प्रयासों से श्री भौमिया जी महाराज प्रथम ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें ग्राम के सभी बच्चों ,युवाओं, बड़े-बुजुर्गों का भरपूर सहयोग रहेगा। आगंतुक टीमों के खिलाड़ियों के रुकने ,आराम करने , रहने , खाने-पीने, चिकित्सा की व्यवस्था के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजामात कर लिए गए हैं । दर्शकों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ-साथ छाया,पेयजल एवं यातायात के साधनों की भी बढ़िया व्यवस्था है । खेल आयोजन समिति के सक्रिय कार्यकर्ता भव्य आयोजन की तैयारियों में लगे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगिता में अधिकतम 32टीमें ही हिस्सा ले सकेंगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की एंट्री फीस मात्र 1100/-रुपये रखी गई है।भाग लेने वाली टीमों को अपना-अपना खेल किट अपने-अपने स्तर पर लाना होगा।31हजार रुपये नकद और चमचमाती विजेता ट्रॉफी वाली इस प्रतियोगिता के उप विजेता को भी 15हजार रुपये नकद और शानदार ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच के मैन ऑफ दी मैच को शानदार ट्रॉफी दी जाएगी वहीं मैन ऑफ दी टूर्नामेंट को 2100/-रुपये का नकद इनाम एवं 5ग्राम वजनी चांदी का सिक्का प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ बॉलर एवं सर्वश्रेष्ठ बेट्समैन को भी आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यों तो सभी मैच 10-10ओवर के खेले जाएंगे लेकिन सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 12-12ओवर के डिसाइड किए गए हैं। सीमेंटेड पट्टी पर टेनिस बॉल से खेले जाने वाले इस मुकाबले में किसी भी प्रकार के विवाद का निपटारा आयोजन समिति द्वारा ही किया जाएगा। एम्पायर का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।खेल आयोजन समिति के एडवोकेट रामचंद्र जांगिड़,मनीष मीणा ,सत्यप्रकाश जांगिड़,बुल्ली मीणा , धर्मवीर मीणा,नरेश यादव ,विक्रम मीणा,मुरारी मीणा के नेतृत्व में सभी युवा कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक भव्य आयोजन की तैयारियों में मशगूल हैं। युवाओं का उत्साह परवान पर है वहीं खेलप्रेमियों को रौमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार है। गढ़टकनेत सहित आसपास के गांवों-कस्बों -ढ़ाणियों के क्रिकेट प्रेमी युवाओं की प्रतियोगिता के प्रति उत्सुकता देखते ही बन रही है।श्री भौमिया जी महाराज खेल समिति की युवा ब्रिगेड ऐन-कैन-प्रकारैण प्रतियोगिता को भव्य शुभारंभ से लेकर निर्विघ्न समापन तक यादगार बनाने के प्रयासों में लगी हुई है।




