
दैनिक राजस्थान समाचार आसींद संवाददाता विजयपाल सिंह राठौड़
शंभुगढ़ (भीलवाड़ा/आसींद)। शंभुगढ़ को पंचायत समिति बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में, ग्राम वासियों ने अपनी मांग पूरी करवाने के लिए अब आस्था का सहारा लिया है और सगस धनी (सगस जी महाराज) से मन्नत मांगते हुए एक अनोखी दंडवत प्रणाम यात्रा (लौटन) का आयोजन किया है।
स्थानीय निवासी रोशन बारेठ गांव हित में सगस धनी, जयनगर के लिए यह दंडवत यात्रा करेंगे।
सरकार से त्रुटि सुधार की अरदास
ग्राम वासियों का कहना है कि पूर्व में जारी हुए एक नोटिफिकेशन में शंभुगढ़ का नाम पंचायत समिति के रूप में शामिल था, लेकिन बाद में सरकार द्वारा की गई त्रुटिवश शंभुगढ़ का नाम सूची से छूट गया, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।
समस्त ग्राम वासियों की सगस धनी से यही अरदास है कि जल्द ही राज्य सरकार इस त्रुटि को सुधारे और शंभुगढ़ को पंचायत समिति बनाकर उन्हें सफलता दिलाए।
रविवार को जुटेंगे ग्रामवासी
इस अरदास और यात्रा के समर्थन में, समस्त ग्राम वासियों को रविवार, 14 दिसंबर को दोपहर 3:00 बजे पंचायत बस स्टैंड, शंभुगढ़ पर बड़ी संख्या में एकत्र होने के लिए सूचित किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस गांव हित के आंदोलन को मजबूत करें।




