दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। अरावली की सुरम्य वादियों में बसे अजीतगढ़ कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सर्वोत्तम खेल मैदान पर 25दिसम्बर से चल रही दिवंगत क्रिकेटरों महेंद्र चौधरी, बहादुर मीणा एवं रघुवीर सिंह बड़गुर्जर स्मृति 7दिवसीय क्रिकेट ट्रॉफी-2025के पांचवें दिन सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो गए हैं जिनसे दर्शकों का अत्यधिक मनोरंजन होने लगा है। चुनिंदा टीमों के उभरते हुए खिलाड़ियों का बेहतरीन खेल कौशल देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध से होने लगे हैं। आयोजक कमेटी अध्यक्ष महावीर गुप्ता, जिला जज, जयपुर विकास प्राधिकरण अपीलीय न्यायाधिकरण, जयपुर और कमेटी प्रवक्ता मुकेश कुमार शर्मा “मार्शल” से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार पांचवें दिन क्वार्टर फाइनल के दो जबर्दस्त मुकाबले हुए।पहला मुकाबला दिल्ली और जयपुर दिनेश के बीच हुआ जिसमें दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8विकेट खोकर 130रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया लेकिन जवाब में जयपुर दिनेश की टीम ने निर्धारित ओवर्स में 4विकेट खोकर ही 131रन बनाकर विजयश्री प्राप्त कर ली।मैन ऑफ दी मैच देव द्वितीय रहे जिन्होंने अपनी जयपुर दिनेश टीम के लिए 33रन बनाए और विपक्षी टीम दिल्ली के 3 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए। दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला जयपुर मोहित और जयपुर अभिषेक के बीच हुआ। पहले खेलते हुए जयपुर मोहित ने 7विकेट के नुकसान पर 138रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया और विपक्षी जयपुर अभिषेक की टीम को 108रनों के स्कोर पर ऑल आउट करके मैच का परिणाम अपने नाम कर लिया। जयपुर मोहित ने 16रनो से जीत दर्ज की।मैन ऑफ दी मैच राहुल रहे जिन्होंने 16रन बनाए और 2विकेट लिए। इस प्रकार जयपुर दिनेश और जयपुर मोहित की टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई हैं। आयोजक कमेटी के प्रवक्ता मुकेश कुमार शर्मा “मार्शल” के अनुसार यह खेल प्रतियोगिता प्रतिवर्ष शीतकालीन अवकाश के दौरान 25दिसम्बर से 31दिसम्बर तक आयोजित की जाती है जिसमें देशभर के नामी,रणजी एवं आइपीएल खिलाड़ी अपना बेहतरीन खेल कौशल दिखाकर क्षेत्र के खेलप्रेमी दर्शकों का स्वस्थ खेल मनोरंजन करते हैं और उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखाने का महत्वपूर्ण योगदान करते हैं।इस ट्रॉफी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिवंगत क्रिकेटरों की स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखना और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करना है। मंगलवार और बुधवार के दिन मैदान खचाखच भरे रहने की सम्भावना है क्योंकि क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मुकाबले देखने की दर्शकों की ललक एवं उत्सुकता यही बयां करती है।लम्बा-चौड़ा मैदान भी अगले दो दिनों तक छोटा ही पड़ने वाला है क्योंकि क्षेत्र की यह खेल प्रतियोगिता अपने आपमें अनूठी प्रतियोगिता है जिसमें दर्शकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का खेल देखने को मिल जाता है।दूसरी बात यह है कि विजेता और उपविजेता की पुरस्कार राशि भी लुभावनी है । विजेता को 1लाख51हजार रुपये नकद और चमचमाती ट्राफी वहीं दूसरी ओर उपविजेता को 1लाख रुपये नकद और शानदार ट्रॉफी जो मिलने वाली है।




