E-Paperटॉप न्यूज़देशधर्मराजनीतिराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

31 दिसंबर की ठिठुरती रात जरूरत मंदों के बीच जाकर कंबल एवं पुराने कपड़ों का वितरण होगा प्रारंभ

नागपाल शर्मा – अलवर- अलवर जहाँ एक ओर लोग 31 दिसंबर की रात जश्न मनाते हैं, वहीं युवा ब्राह्मण सभा के युवा कार्यकर्ता पिछले 11 वर्षों से जरूरतमंदों के साथ अंग्रेजी नववर्ष मनाने की अनूठी पहल कर रहे हैं। इस वर्ष भी संस्था द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर देशभक्ति गीतों के साथ जरूरतमंद एवं असहाय जनों को गर्म वस्त्र वितरित कर नववर्ष मनाया जाएगा।
युवा ब्राह्मण सभा परिवार के अध्यक्ष आकाश मिश्रा ने बताया कि आज से 11 वर्ष पूर्व, 31 दिसंबर की ठिठुरती रात में युवा कार्यकर्ताओं ने देखा कि जहाँ कुछ लोग अंग्रेजी नववर्ष के आनंद में झूम रहे थे, वहीं सड़कों पर जरूरतमंद एवं असहाय लोग ठंड से कांपते हुए रात बिताने को मजबूर थे। यह दृश्य मन को व्यथित कर गया। तभी यह विचार आया कि फिजूलखर्ची को कम कर जरूरतमंदों के लिए कुछ सार्थक किया जाए।
इसी सोच के साथ अगले वर्ष से युवा कार्यकर्ताओं ने 31 दिसंबर की रात जरूरतमंदों के बीच जाकर कंबल एवं पुराने कपड़ों का वितरण प्रारंभ किया। आज यह अभियान एक संगठित सेवा कार्य बन चुका है। लगभग 150 से अधिक सदस्यों के सहयोग से हर वर्ष 500 कंबल, 101 गर्म जर्सियाँ, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों के लिए जूते तथा मिठाइयों का वितरण किया जा रहा है।
गोपाल टॉकीज पर आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि लगातार 10 वर्षों से संचालित इस सेवा अभियान को इस वर्ष भी 31 दिसंबर एवं ०1 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 31 दिसंबर की रात ०9 बजे से जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र एवं कंबलों का वितरण प्रारंभ होगा। कार्यक्रम देश के वीर सपूतों को समर्पित रहेगा तथा देशभक्ति गीतों के साथ संपन्न किया जाएगा। रात्रि में कार्यक्रम का समापन त्रिपोलिया महादेव मंदिर में राष्ट्र एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना के साथ पूजा-अर्चना द्वारा किया जाएगा।
युवा कार्यकर्ता विमंदित पुनर्वास गृह, अनाथालय, वृद्धाश्रम, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र, बस एवं रेलवे स्टेशन, रैन बसेरा, फुटपाथ तथा सरकारी अस्पतालों में जाकर जरूरतमंदों के साथ अंग्रेजी नववर्ष मनाएंगे।
बैठक में ब्राह्मण समाज के युवा अध्यक्ष आकाश मिश्रा,शिव चरण कमल,डॉ. विनोद शर्मा, प्रेमेंदु मिश्रा ,पंकज शर्मा,राजेंद्र शर्मा,एड नवनीत तिवाड़ी,पीयूष, नितिन भाल,राहुल पटेल,सचिन तिवाड़ी,एडवोकेट आर.डी. शर्मा,विशाल शर्मा,पावरप्रदीप शर्मा,रामबाबू शर्मा,नितेश शर्मा, नितिन भारद्वाज,राजेश शर्मा, मोहन शर्मा,सुनील शर्मा,गौरव शर्मा,दीपक शर्मा,आदित्य शर्मा सहित अनेक युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!