
(पंकज बाफना)। ग्राम स्यार स्थित प्राचीन धाम श्री चारभुजा नाथ महाराज के वार्षिक उत्सव और मेले का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित इस मेले की पूर्व संध्या पर आयोजित विशाल भजन संध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
मेला मैदान में आयोजित रात्रि कालीन भजन संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सुप्रसिद्ध गायक कलाकार महावीर धाकड़ ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने लगे। वहीं, डांसर हंसराज की कलात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पूरा क्षेत्र ‘चारभुजा नाथ के जयकारों’ से गूंज उठा।
आज के विशेष कार्यक्रम (18 जनवरी)
मेला विकास समिति के अध्यक्ष बजरंग खाती व कोषाध्यक्ष श्योजीराम धाकड़ ने बताया कि मुख्य मेले के दिन यानी आज सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है:
प्रातः 8:00 बजे: भगवान चारभुजा नाथ जी का अलौकिक विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शनों के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन हुआ।
प्रातः 9:00 बजे: मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा रवाना हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेला मैदान पहुंचेगी।
प्रातः 10:00 बजे से: मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें माँ म्यूजिकल ग्रुप, भीलवाड़ा के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
प्रमुख कलाकारों की मौजूदगी
दिन में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक मेले में राजस्थान के सुप्रसिद्ध गायक श्रवण सेदरी, राजस्थानी कॉमेडी किंग राजू छैला, और प्रसिद्ध डांसर पूजा राजस्थानी, आशा मीणा व माही शेखावाटी अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का मनोरंजन करेंगे।
व्यवस्थाओं में जुटा प्रशासन और समिति
मेले के सफल आयोजन के लिए पंचायत प्रशासन ने गांव में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की है। तैयारियों की देखरेख में भवरसिंह राठौड़, ब्रजेश शर्मा, घनश्याम माली, मनराज माली, शैतान धाकड़, शिवराज साहु, नोरत माली, चर्तुभुज लक्षकार और नन्द किशोर धाकड़ सहित समिति के सभी सदस्य मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।



