
दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। अजीतगढ़ के खेल मैदान (फील्ड) में 25दिसम्बर से लेकर 31दिसम्बर तक चलने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियां चल रही हैं।हर वर्ष यह प्रतियोगिता स्वर्गीय महेंद्र चौधरी, स्वर्गीय बहादुर सिंह मीणा एवं स्वर्गीय रघुवीर सिंह बड़गुर्जर की मधुर स्मृति में आयोजित होती है जिसमें दिल्ली, मुम्बई, हरियाणा, मंगोलपुरी दिल्ली, नारनौल, हरियाणा हिसार, झज्जर,सोनीपत, जयपुर सहित अनेक टीमें हिस्सा लेती हैं जिनके अनेक रणजी एवं आइपीएल के नामी -गिरामी खिलाड़ियों का रौमांचक खेल देखने को मिलता है। आयोजन समिति के अध्यक्ष महावीर गुप्ता (नौसादर) से मिली जानकारी के अनुसार विजेता टीम को 1लाख51हजार रुपये नकद और चमचमाती हुई ट्रॉफी तो उपविजेता टीम को 1लाख रुपये नकद और शानदार ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। अजीतगढ़ कस्बे के मनोरम खेल मैदान पर हर वर्ष यह क्रिकेट महाकुंभ का सा नजारा देखने को मिलता है जिसमें हजारों दर्शकों की मौजूदगी में विभिन्न राज्यों के नामी क्रिकेट खिलाड़ियों का उम्दा एवं उच्च स्तरीय खेल अजीतगढ़ परिक्षेत्र के खेल-प्रेमियों को देखने को मिलता है। इस खेल प्रतियोगिता में मुख्य पुरस्कारों के अलावा खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे जाते हैं जिससे खेल का रौमांच दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही रहता है।हर चौके-छक्के एवं विकेट पर ढोल एवं ताशे की धमक कस्बेवासियों को मदहोश कर देती है।कुल मिलाकर सप्ताह भर का यह आयोजन अजीतगढ़ वासियों के लिए किसी त्यौहार से कम नहीं रहता है। कस्बे के सारे काम-धंधे क्रिकेट प्रतियोगिता के हवाले हो जाते हैं। अजीतगढ़ से बाहर रहने वाले अजीतगढ़ वासी इस मौके पर पंहुच जाते हैं और वर्षों से चली आ रही इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के प्रयासों में जुट जाते हैं। आतिशबाजी एवं पटाखों का आलम यह रहता है कि लगता ही नहीं कि प्रतियोगिता है या दिवाली का धूम-धड़ाका। आंखों देखा हाल एवं खेल का लाइव प्रसारण प्रतियोगिता को और अधिक लोकप्रिय बना देता है। हजारों दर्शकों को अपने आगोश में समा लेने वाले इस अजीतगढ़ खेल मैदान की साफ-सफाई,बैठक व्यवस्था, पेवेलियन,पिच,फील्ड ,खेल-पट्टी, बाउंड्री, सुरक्षा,मंच ,आवास ,भोजन, प्रेक्टिस इत्यादि की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।यह टूर्नामेंट अजीतगढ़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने में कारगर सिद्ध होगा और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक और प्रेरित करेगा।



