E-Paperटॉप न्यूज़देशराजनीतिराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने से ग्रामीण परेशान जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों से गुहार के बावजूद नहीं हो रहा समाधान

दैनिक राजस्थान समाचार प्रवीण शर्मा सतावड़िया-
ब्यावर ज़िले की मसूदा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सतावड़िया के राजस्व गांव नयागांव में घरों की नालियों का गंदा पानी मुख्य सड़क पर बहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि सड़क के बीचों-बीच गंदा पानी बहने से जलजमाव बना रहता है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार ग्राम सभा में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं और पंचायत प्रतिनिधियों व अधिकारियों को अवगत भी कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सड़क के दोनों ओर बने मकानों की नालियों का पानी सीधे मुख्य मार्ग पर आ रहा है, जिससे पूरे दिन दुर्गंध और कीचड़ फैला रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। छोटे-बड़े बच्चे इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं। कई बार तेज गति से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों के कारण गंदा पानी उछलकर बच्चों के कपड़े और कॉपी-किताबें खराब हो जाती हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को भी दिन में किसी तरह निकलना पड़ता है, जबकि रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 5 से 7 वर्ष पूर्व इस सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन उस समय नालियों का निर्माण नहीं किया गया, जिसका खामियाजा आज ग्रामीण भुगत रहे हैं। बार-बार आवेदन देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत सतावड़िया के सरपंच रतनलाल भील का कहना है कि सड़क के किनारे बने कुछ मकान नाली निर्माण नहीं करने दे रहे हैं। वहीं, मकान मालिकों ने इस आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी नाली निर्माण से मना नहीं किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा और इसे राजनीतिक रूप दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर नाली निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!