आसींद कि कृति जीनगर की राष्ट्रीय कला उत्सव में मन मोहक पेंटिग रही आकर्षण का केंद्र

आसींद संवाददाता विजयपाल सिंह राठौड़
पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित राष्ट्रीय कला उत्सव के अंतर्गत हुई द्विआयामी चित्रकला प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल आसींद की कक्षा बारहवीं की छात्रा कृति जीनगर ने राजस्थानी कला और संस्कृति पर एक शानदार पेंटिंग बनाई। यह पेंटिंग मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
विद्यालय के संस्था प्रधान डॉ तुलसीराम कुमावत ने बताया कि कृति जीनगर द्विआयामी चित्रकला प्रतियोगिता में मंडफिया चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम रहकर राष्ट्रीय कला उत्सव में भाग लिया था। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच कृति जीनगर ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनशील सोच और रंगों के उत्कृष्ट संयोजन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह विद्यालय एवं परिवार दोनों के लिए गर्व का विषय है। कुमावत ने छात्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को कला, संस्कृति एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता रहेगा।
कृति ने विद्यालय और अपने निजी जीवन में भी कई सुंदर पेंटिंग की रचना की है।
विद्यालय परिवार को विश्वास है कि कृति जीनगर भविष्य में भी कला के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं समाज का नाम रोशन करेगी।
छात्रा के माता-पिता इंदिरा जीनगर, हेमंत कुमार जीनगर बहन कनक एवं परिवारजनों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय के शिक्षकों का आभार प्रकट किया, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से यह संभव हो पाया।




