
संवाददाता संजीव पाराशर अरांई
किशनगढ़, सोशल डॉक्टर के चीफ अभिषेक शर्मा की पहल पर समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल “हेल्थ कनेक्ट” (Health Connect – An Initiative by Social Doctor to Connect Communities to Better Health) के प्रथम संस्करण का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म, स्वच्छता एवं उससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में सही, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
यह जागरूकता कार्यक्रम हेल्पलाइन मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सोशल डॉक्टर (Social Doctor) द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने हॉस्पिटल और बालिकाओं को एक मंच पर लाकर स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त प्रयास किया। सोशल डॉक्टर इस उद्देश्य में सफल रहा कि चिकित्सा संस्थान और छात्राओं के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके। सोशल डॉक्टर इस कार्यक्रम के डिजिटल आउटरीच एवं मार्केटिंग पार्टनर भी रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट गाइड की गाइड्स और रेंजर्स के लिए ब्लड ग्रुप एवं ब्लड शुगर जांच की व्यवस्था की गई, जिससे गाइड्स और रेंजर्स को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त हुई।
हेल्पलाइन हॉस्पिटल की गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पूजा बनिक ने मासिक धर्म एवं महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और गाइड्स एवं रेंजर्स द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सहज व संतोषजनक उत्तर दिए।
कार्यक्रम में हॉस्पिटल के डायरेक्टर हनुमान लाल शर्मा ने बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए एक प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ के सचिव वीरेंद्र कुमार शर्मा ने हेल्पलाइन हॉस्पिटल के डायरेक्टर हनुमान लाल शर्मा का स्कार्फ पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
वहीं डॉ. पूजा बनिक का स्वागत कल्पना चावला ओपन गाइड कंपनी की संस्थाप्रधान भगवती शर्मा एवं गाइड कैप्टन सुमित्रा जी द्वारा किया गया। साथ ही हेल्पलाइन हॉस्पिटल की तकनीशियन टीम का भी स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया।
स्वास्थ्य जांच में हॉस्पिटल की तकनीशियन टीम — जगदीश प्रजापत, सिद्धार्थ एवं निकिता — ने पूरी संवेदनशीलता और धैर्य के साथ छात्राओं का ब्लड ग्रुप एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया।
अंत में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ किशनगढ़ के सचिव वीरेन्द्र कुमार शर्मा ने हेल्पलाइन हॉस्पिटल परिवार का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। वीरेंद्र कुमार शर्मा ने सोशल डॉक्टर टीम की इस मुहिम की सराहना की और धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सोशल डॉक्टर के चीफ अभिषेक शर्मा ने किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का प्रभावी मॉडरेशन करते हुए प्रश्नोत्तर सत्र को सुव्यवस्थित किया और कार्यक्रम के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित किया।
हेल्थ कनेक्ट का यह प्रथम संस्करण बालिकाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास एवं जागरूकता की दिशा में एक मजबूत पहल साबित हुआ, जिसने समाज में स्वास्थ्य संवाद को और अधिक सशक्त बनाया।



