
दैनिक राजस्थान समाचार संवाददाता संजीव पाराशर अराई
अजमेर।राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ विषय को लेकर दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ तीर्थराज पुष्कर में सोमवार से हुआ।संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि संगठन ने प्रदेश के विद्यालयों को हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ अभियान से आदर्श व्यवस्था स्थापित करने के लिए आठ और नौ दिसम्बर को आयोजित कार्यशाला में प्रत्येक जिले से तीन शिक्षक भाग ले रहे हैं।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि प्रथम दिवस को कुल पांच सत्र आयोजित हुए जिनमें प्रमुख विषय हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ संकल्पना और पृष्ठभूमि,तीर्थ बनाने के शिल्प – विद्यालय में शैक्षिक और सांस्कृतिक आयामो की रचना,प्रभावी प्रार्थना सभा और प्रेरणा सत्र,शिक्षक संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका – विद्यालय को तीर्थ में बदलने का सेतु,21 वीं सदी में विद्यार्थी कौशल चुनौतियां और समाधान रहे।उद्घाटन सत्र में मोहन लाल पुरोहित अतिरिक्त महामंत्री अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने कहा कि मैकाले की शिक्षा पद्धति ने शिक्षा को धनोपार्जन का लक्ष्य बना दिया जिसने देश के नागरिकों में राष्ट्रहित को भुलाकर अपना हित सिद्ध करने का भाव जगाया।विद्यालय केवल एक भवन नहीं और शिक्षक केवल वेतन भोगी कार्मिक नहीं है वह राष्ट्र निर्माता है,इस प्रकार के भाव जगाने के लिए हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ प्रकल्प संगठन द्वारा चलाया गया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़ ने विद्यालय को तीर्थ बनाने के लिए विद्यालय के भौतिक परिवेश में सुधार/परिवर्तन,नवीन निर्माण,कक्षा कक्ष व परिसर को आदर्श बनाने,शैक्षिक परिवेश व आदर्श प्रार्थना सभा सहित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षकों को आया सो पाया के स्थान पर चाहा जो बनाया के सूत्र से विद्यालय को तीर्थ बनाने के लिए करणीय कार्य करने चाहिए।तीर्थ की प्राचीन परंपरा साथ लेकर चलने,सीखते हुए चलने की रही।
इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश सभाध्यक्ष संपत सिंह,महिला मंत्री गीता जैलिया,अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसंत जिंदल,कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छावा, प्रदेश उपाध्यक्ष (प्रारंभिक) भंवर सिंह राठौड़ , प्रदेश सचिव माध्यमिक शिक्षा ,सत्यनारायण सहरमा ,योगेश कुमार शर्मा ने ,दिनेश चंद्र शर्मा मंडल उपाध्यक्ष अजमेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।



