
दैनिक राजस्थान समाचार जितेंद्र सिंह अजमेर। थाना किशनगढ़ क्षेत्र के ग्राम काढा में दलित युवक पर जातिसूचक शब्दों के साथ प्राणघातक हमले की घटना सामने आई है। इस गंभीर प्रकरण का दलित अधिकार केन्द्र के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केन्द्र के मुख्य कार्यकारी एडवोकेट हेमन्त मीमरौठ ने किया। उनके साथ अजमेर जिला समन्वयक इन्दिरा सोलंकी, एडवोकेट पवन बैरवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता मातादीन रैगर मौजूद रहे। दल ने पीड़ित परिवार एवं स्थानीय समुदाय से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 सितम्बर 2025 की शाम लगभग 5 बजे दलित युवक राजू मेघवंशी (निवासी काढा) अपने बच्चों को मेले से घर लौट रहा था, तभी बालापुरा के पास आरोपी भागचन्द जाट ने मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी। इसके बाद उसने जातिसूचक गालियाँ देते हुए लोहे के पेचकस से हमला कर घायल कर दिया तथा पत्थर से भी वार किया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।
दलित अधिकार केन्द्र के प्रतिनिधियों ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताया और कहा कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की गंभीर लापरवाही है। केन्द्र ने दोषपूर्ण जांच और प्रशासनिक उदासीनता पर चिंता जताई है। प्रतिनिधिमंडल ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है।


