
दैनिक राजस्थान समाचार विजयपाल सिंह राठौड़ आसींद। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आसींद ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके अविस्मरणीय योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के उपाध्यक्ष हगामी लाल मेवाड़ा तथा आसींद कांग्रेस नगर अध्यक्ष गणेश लाल मेहता उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने पंडित नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर पीसीसी उपाध्यक्ष हगामी लाल मेवाड़ा ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के सच्चे निर्माता थे। आजादी के बाद देश के वैज्ञानिक, औद्योगिक और शैक्षिक विकास की मजबूत नींव नेहरू जी ने रखी, जिसे इतिहास कभी भुला नहीं सकता।
नगर अध्यक्ष गणेश लाल मेहता ने कहा कि नेहरू जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने जीवनभर शांति, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी एक-एक कर नेहरू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों और विचारधारा पर चलने का संकल्प लिया।




