
दैनिक राजस्थान समाचार जितेन्द्र यादव अलवर सेंटर फॉर सोशल रिसर्च (सीएसआर) ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पेहल, मुण्डावर, खैरथल तिजारा में 200 से अधिक छात्रों को जल संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक सार्थक विद्यालय संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती कुसुम जैन के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद सीएसआर के डॉ नवीन कुमार, विभागाध्यक्ष, महिला, जल एवं जलवायु परिवर्तन, ने संस्था द्वारा पिछले चार दशकों से महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों को साझा किया।
संवेदीकरण की शुरुआत चित्रकला प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्रों ने जल संरक्षण और जल प्रबंधन विषय पर 50 से अधिक सुंदर चित्र बनाए। सीएसआर की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया तथा तीन श्रेष्ठ विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए।
डॉ. कुमार ने रोचक गतिविधियों और खेल-आधारित तरीकों से छात्रों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया और उन्हें भविष्य में अपने समुदायों के जल प्रहरी एवं परिवर्तनकारी नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगणों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और सीएसआर के प्रयासों की सराहना की। सभी छात्रों को नोटबुक, पेन और जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन पर आधारित ज्ञान-पुस्तिका भी वितरित की गई।
सीएसआर की ओर से नसीब, अदिति, महिमा और दिव्या भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और इसके सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।




