
दैनिक राजस्थान समाचार संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा, गढटकनेत-अजीतगढ़। अजीतगढ़ पंचायत समिति के अजमेरी फैक्ट्री क्षेत्र में बुधवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक ने बबूल के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना एक क्रैशर फैक्ट्री के पीछे स्थित खेत में सामने आई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाबा नारायणदास राजकीय उप जिला अस्पताल, अजीतगढ़ लाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया।
एएसआई बलवीरसिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यनारायण मवासी (20) निवासी बहिलपुरवा, थाना चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मृतक की बहन ममता देवी मवासी, जो अजमेरी स्थित बाबा रामदेव क्रैशर फैक्ट्री में मजदूरी करती है तथा वहीं रहती है, ने रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात 11 बजे सत्यनारायण खाना खाकर सो गया था। सुबह उठने पर परिजनों को उसकी गैर-मौजूदगी पर संदेह हुआ। खोजबीन के दौरान सत्यनारायण फैक्ट्री के पीछे खेत में एक पेड़ से फंदे पर झूलता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। एएसआई बलवीरसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। बाद में शव को अजीतगढ़ अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया और गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।




