E-Paperटॉप न्यूज़देशराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

नाथूसर में भामाशाह ने खोली शिक्षा की राह, ज्ञान की चौखट पर 900 वर्ग गज भूमि का दिया उपहार

दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढ़टकनेत – अजीतगढ़। श्रीमाधोपुर ब्लॉक के गांव नाथूसर की बेटियों के लिए शिक्षा का नया अध्याय शुरू हुआ है। गांव के जैन परिवार ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नाथूसर को 900 वर्ग गज भूमि दान देकर विद्यालय विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया है।

वर्तमान में विद्यालय में केवल सात कक्षा-कक्ष हैं, जिनमें स्टाफ रूम, कार्यालय और पोषाहार कक्ष भी शामिल हैं। सीमित स्थान और संसाधनों की कमी के बावजूद विद्यालय की 125 छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। बीते दो वर्षों में 8 छात्राओं ने गार्गी पुरस्कार प्राप्त किए हैं, वहीं इस वर्ष एक छात्रा ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

विद्यालय की सरपंच ऊषा कंवर, प्रधानाचार्य गौरीशंकर सैनी एवं गांव के वरिष्ठजनों के आग्रह पर जैन परिवार ने अपनी पुश्तैनी भूमि विद्यालय को दान कर दी। रविवार, 2 नवम्बर को देव उठनी एकादशी के शुभ अवसर पर भूमि पूजन के साथ विद्यालय की चारदीवारी निर्माण की नींव रखी गई। इस अवसर पर प्रमोद कुमार, सुनीत, विनीता व विकास जैन ने पूजन कार्य किया।

इससे पहले बस स्टैंड पर ग्रामीणों ने जैन परिवार का केलों से तोलकर, फूल वर्षा और साफा बंधवाकर भव्य स्वागत किया। डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ जुलूस निकाला गया, जो विद्यालय परिसर तक पहुंचा। विद्यालय की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व नृत्य कर उत्सव का रंग और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम स्थल पर ही ग्रामीणों ने ₹3.50 लाख की राशि एकत्रित की, जिसमें जैन परिवार ने अतिरिक्त ₹21 हजार का योगदान दिया। उपस्थित ग्रामीणों ने आगे भी विद्यालय के विकास में सहयोग देने का संकल्प लिया।

भूमि मिलने से अब विद्यालय में नए कक्षा-कक्षों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग व जनप्रतिनिधियों से शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!