
मसूदा संवाददाता तरनदीप सिंह
मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने नगरपालिका मसूदा में 3 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उच्च जलाशय एवं 12 हजार मीटर नई पाइपलाइन के कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से नगरपालिका क्षेत्र के प्रत्येक घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जल योजना के अंतर्गत बजट घोषणा 2025-26 में स्वीकृत इस परियोजना में 2.50 लाख लीटर क्षमता के उच्च जलाशय का निर्माण तथा 12 हजार मीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यह शिलान्यास विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत के मुख्य आतिथ्य एवं मसूदा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह रावत के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
यह परियोजना मसूदा की जलापूर्ति व्यवस्था के पुनर्गठन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। पूर्व में छोटे जलाशयों के कारण नगर के अंतिम छोर तक पर्याप्त दबाव से जलापूर्ति नहीं हो पाती थी। पंचायत समिति परिसर के निकट बनने वाला यह उच्च जलाशय 18 मीटर स्टेजिंग ऊंचाई का होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में समुचित जलदाब के साथ जलापूर्ति संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता संपत जीनगर (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जिला वृत्त ब्यावर), सहायक अभियंता राजेश कुमार आर्य (उपखंड विजयनगर), कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, सुनील कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ सहायक राजकुमार शर्मा सहित विभागीय अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मसूदा प्रशासक प्रतिनिधि गोविंद धूत, देवमाली प्रशासक प्रतिनिधि पीरु गुर्जर, मंडल महामंत्री मनोज जैथलिया, एससी मोर्चा अध्यक्ष राजेश, जसराज पंवा, सुखदेव सिंह, मसूदा विधानसभा आईटी संयोजक टीकम चंद मेघवंशी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगरपालिका के नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मसूदा के विकास कार्यों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए इसे क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय बताया।




