
दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। अजीतगढ़ पंचायत समिति परिक्षेत्र में दो दिनों से लगातार पड़ रहे कोहरे के कारण वातावरण में कड़ाके की सर्दी का प्रभाव बढ़ने लगा है और जनजीवन अच्छा -खासा प्रभावित होने लगा है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में रोजाना रात लगभग 9-10बजे से ही कोहरा छाने लगता है,जो गहराने के साथ और अधिक बढ़ता चला जाता है। स्थिति ऐसी हो जाती है कि स्ट्रीट लाइटों की रोशनी भी धुंधली दिखाई देने लग जाती हैं। कोहरा दिन में प्रातः 10-11 बजे तक बना रहता है और सूर्यदेव के दर्शन दोपहर बाद ही सम्भव हो पाते हैं।इस वजह से वातावरण में गर्माहट नहीं बन पाने के कारण लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आते हैं। रात को छाया हुआ कोहरा दिनभर छाए रहने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। किसानों की मानें तो कोहरे के कारण खेतों में खड़ी रबी की फसल को काफी लाभ मिल रहा है।कोहरे रुपी कुदरती ग्लूकोज के मिलने से फसलें लहलहाने लगी हैं। अजीतगढ़ परिक्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण अंचल ने कोहरे की चादर ओढ़ रखी है जिससे शीत लहर के साथ कड़ाके की ठंड बढ़ने लगी है। सर्दी का दौर लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर मोर्निंग वॉक पर जाने वालों की संख्या में भी गिरावट आई है। सर्दी के चलते लोग-बाग घरों में ही दुबके रहने लगे हैं।वाहन-चालकों को वाहन चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर यातायात धीमा दिखाई देने लगा है। बड़े -बुजुर्गों को बाहर निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर मोटर बाइक,टेम्पू, साइकिल,स्कूटर कम दिखाई देने लगे हैं।




