E-Paperटॉप न्यूज़देशराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

तखतगढ़ बनेगा भक्ति और आध्यात्म का केंद्र – पहुंचेगी देश की पहली रथ एवं साइकिल यात्रा

दैनिक राजस्थान समाचार सोहनसिंह रावणा, तखतगढ़। भक्ति, समर्पण और एकता का संदेश लेकर देश की पहली संत नामदेव महाराज पंढरपुर से घुमन रथ एवं साइकिल यात्रा अब तखतगढ़ की ओर अग्रसर है। यह ऐतिहासिक यात्रा महाराष्ट्र के पवित्र श्रीक्षेत्र पंढरपुर से प्रारंभ होकर पंजाब के श्रीक्षेत्र घुमन तक लगभग 2,500 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है। यात्रा का शुभारंभ 2 नवम्बर, 2025 को सुबह 6 बजे राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करकमलों से पंढरपुर से हुआ था।

पिछले चार वर्षों से आध्यात्मिक चेतना के प्रचार-प्रसार हेतु सक्रिय सरकारी पत्रकारों की पहल पर प्रारंभ हुई यह यात्रा आज समाज में भक्ति और सद्भाव का संदेश फैला रही है। इस दौरान घुमन, पंजाब में संत नामदेव महाराज महाराष्ट्र सदन का भूमि पूजन भी किया गया, जहाँ भविष्य में भक्ति एवं समाज सेवा का केंद्र विकसित किया जाएगा।

साइकिल यात्रा में 100 साइकिल सवार एवं 25 वारकरी भजन मंडल के सदस्य पूरे जोश और श्रद्धा के साथ शामिल हैं, जो संत नामदेव महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लेकर यात्रा कर रहे हैं।

यात्रा 13 नवम्बर, 2025 को प्रातः पिंडवाड़ा (सिरोही) से प्रस्थान कर शाम 5:30 बजे तखतगढ़ पहुँचेगी।

श्री नामदेव छीपा युवा संस्थान के अध्यक्ष खिमचंद सुखराज छीपा एवं सचिव रमेश परिहार (बांडीगली) ने बताया कि संत शिरोमणि नामदेव महाराज की चरण पादुकाओं के तखतगढ़ आगमन पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा स्वामी विवेकानंद बस स्टेशन से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग, ठाकुरजी मंदिर, कुंदेश्वर महादेव मंदिर से होती हुई सुमेरपुर रोड स्थित रांकावत वाटिका पहुँचेगी।

शोभायात्रा के दौरान छीपा समाज, व्यापारी मित्र मंडल तथा ठाकुरजी मंदिर समिति द्वारा स्वागत एवं पुष्पवर्षा की जाएगी। रात्रि में “एक शाम संत शिरोमणि नामदेव महाराज के नाम” विशाल भजन संध्या का आयोजन रखा गया है, जिसमें समाज के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग देंगे।

तखतगढ़ में इस ऐतिहासिक यात्रा के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण बना हुआ है। यह आयोजन न केवल भक्ति की भावना को प्रबल करेगा, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का भी संदेश देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!