
दैनिक राजस्थान समाचार बिजयनगर संवाददाता : तरनदीप सिंह,जयपुर 14 दिसंबर को आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रैली की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में आज पीसीसी जयपुर में प्रदेश महिला कांग्रेस की संपूर्ण कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रदेशभर से पहुँची महिलाओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की और दिल्ली कूच के लिए हज़ारों की संख्या में भागीदारी का संकल्प लिया। महिलाओं के उत्साह और सहभागिता को देखते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह रैली महिला शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन करेगी।
महिला कांग्रेस की ओर से बताया गया कि 14 दिसंबर की यह रैली न केवल महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को नई दिशा देगी, बल्कि उनके सामाजिक-राजनीतिक सशक्तिकरण का भी बड़ा संदेश देगी।
ब्यावर जिला महिला कांग्रेस की प्रवक्ता ममता जैन ने बैठक में विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर रैली को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त, ब्यावर महिला कांग्रेस अध्यक्ष इशिका जैन भी बैठक में उपस्थित रहीं और उन्होंने भी महिलाओं को बड़ी संख्या में दिल्ली कूच हेतु प्रेरित किया।

