
दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता प्रदीप कुमार शर्मा गढटकनेत -अजीतगढ़। अजीतगढ़ ब्लॉक की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जुगराजपुरा में शुक्रवार को अपराह्न 3बजे बजे बाद शैक्षणिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के निरीक्षण हेतु मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी,सीकर सुरेन्द्र सिंह शेखावत तथा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राकेश गढ़वाल का आगमन हुआ।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था,अनुशासित वातावरण एवं सकारात्मक शैक्षिक माहौल की सराहना की। उन्होंने विद्यालय के संस्थाप्रधान रोहिताश यादव के नेतृत्व की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों के कारण विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है। विद्यालय परिसर में लगाए गए हजारों की संख्या में पेड़-पौधों को देखकर अधिकारीगण अत्यंत प्रसन्न हुए तथा इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सहायक होता है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षिक स्तर,विषयगत ज्ञान एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों के आत्मविश्वासपूर्ण उत्तरों से अधिकारीगण संतुष्ट नजर आए।अंत में विद्यालय परिवार को निरंतर इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने हेतु प्रेरित किया गया। जाते समय अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजीतगढ़ में संचालित सीबीईओ कार्यालय अजीतगढ़ का भी निरीक्षण किया जहां सीबीईओ मोहनलाल डूडी के नेतृत्व में तमाम अधिकारियों -कर्मचारियों ने आगंतुक अधिकारियों का यथोचित स्वागत -अभिनन्दन-सम्मान किया।




