
दैनिक राजस्थान समाचार बिजयनगर संवाददाता तरनदीप सिंह
मसूदा | राजस्थान सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज 15 दिसंबर 2025 को राजकीय उप जिला चिकित्सालय, मसूदा में आयोजित आरोग्य शिविर का शुभारंभ माननीय विधायक श्री वीरेंद्र सिंह कानावत द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. लखेंद्र सिंह चौहान सहित चिकित्सालय का समस्त चिकित्सकीय एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा। उद्घाटन के पश्चात विधायक श्री कानावत ने शिविर का निरीक्षण किया तथा उपचार हेतु आए मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
माननीय विधायक ने आमजन को आयुष्मान आरोग्य पहचान पत्र की उपयोगिता, पंजीकरण प्रक्रिया एवं इससे मिलने वाली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री कानावत ने राजस्थान सरकार के दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को भी जनता के समक्ष रखा और कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। आरोग्य शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण है।
आरोग्य शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाया।




