
बिजयनगर संवाददाता तरनदीप सिंह
हर्ष पैलेस, बीओबी बैंक के पास, बिजयनगर में बॉलीवुड ग्लैम फैशन शो का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन मुंबई स्थित राइजिंग स्टार इवेंट द्वारा किया गया, जबकि टैगोर ग्लोबल स्कूल ने कार्यक्रम को प्रायोजित किया।
फैशन शो में टैगोर ग्लोबल स्कूल के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने आत्मविश्वास, स्टाइल तथा मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार वॉक और प्रस्तुति ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। यह मंच विद्यार्थियों के लिए अपनी झिझक दूर करने, छिपी प्रतिभा को निखारने और मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
कार्यक्रम के शो स्टॉपर मिस्टर इंडिया योगी सिंह राठौर ने अपनी सशक्त उपस्थिति के साथ-साथ प्रेरणादायी शब्दों और मार्गदर्शन से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। फैशन शो के साथ आयोजित प्रदर्शनी में प्रतिभागियों को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान टैगोर ग्लोबल स्कूल एवं अन्य प्रायोजकों की ओर से आकर्षक उपहार वाउचर वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन का माहौल अत्यंत उत्सवपूर्ण और यादगार रहा।
समापन अवसर पर टैगोर ग्लोबल स्कूल के अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य ने विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये नकद प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में याद किया जाएगा।




