दैनिक राजस्थान समाचार राकेश तंवर भरतपुर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बीएलओ शुभम परमार को निलंबित किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत मैपिंग ऑफ इलेक्टर्स–2025, पूर्ववर्ती विशेष गहन पुनरीक्षण –2002 तथा बी.एल.ओ. ऐप पर प्रोजनी मैपिंग से संबंधित कार्यों में उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में लापरवाही बरतने पर बी.एल.ओ. एवं कनिष्ठ सहायक शुभम परमार (भाग संख्या–109, विधानसभा क्षेत्र–073 भरतपुर), कार्यालय संयुक्त निदेशक, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग, भरतपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान बी एल ओ शुभम परमार का मुख्यालय कार्यालय उपखंड अधिकारी, वैर, निर्धारित किया गया है तथा उन्हें इस अवधि में नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण, संवेदनशील एवं राष्ट्रीय दायित्वों से जुड़ा हुआ है। ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्यों को निर्धारित समय सीमा में, गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्ण निष्ठा के साथ संपादित करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।



