
दैनिक राजस्थान समाचार न्यूज संवाददाता — प्रदीप कुमार शर्मा, गढ़टकनेत (अजीतगढ़)। अजीतगढ़ में बुधवार को राष्ट्रीय वीर जाट सेना के तत्वावधान में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं प्रदेशाध्यक्ष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चौधरी मुख्य अतिथि एवं पूर्व सरपंच जगदीश चौधरी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष बादशाह गोपाल आर्य ने शपथ ग्रहण करते हुए कहा कि समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने और शैक्षिक उत्थान के लिए समाज की एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को तराशना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आर्य के नेतृत्व में समाजबंधुओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि चौधरी सहित अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। तत्पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेशाध्यक्ष बादशाह गोपाल आर्य को नियुक्ति-पत्र प्रदान कर शपथ ग्रहण करवाई। इसके बाद विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने माला और साफा पहनाकर नव-नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि रवि चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि जाट समाज को एकजुट होकर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और उनके बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने समाज में नशा-मुक्ति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव राजेश रोलानिया, प्रदेश महासचिव अशोक हुड्डा, हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष विनोद पूनिया, उपाध्यक्ष सुरेश नेहरा, प्रदेश सचिव मनोज केसरु, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी प्रभाती लाल जाट, पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभाती लाल शेरावत, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम चौधरी, एवं पूर्व जिला पार्षद महेंद्र चौधरी ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर ग्यारसीलाल जाट, गौरव खैरवा, सुनील जाट, अजीत चौधरी, लालचंद कासोटिया, प्रियंका दूदू, देव पलसानिया, शंकरलाल तेतरवाल, बहादुर, प्रकाश मोगा, महेंद्र गुर्जर, महेंद्र सहित सैकड़ों की संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। समारोह में उत्साह और सामाजिक एकता का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला।



